Making the campaign 'Every Home Sign, Every Home Freedom - Celebration of Independence, With Freedom' a success
‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता - स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ अभियान को सफल बनाने कलेक्टर ने जारी किए निर्देश
भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में 02 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता - स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” थीम पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस राष्ट्रीय अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु अम्बिकापुर जिले के कलेक्टर श्री विकास भोसकर ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों, जनपद पंचायतों, अनुविभागीय अधिकारियों और नगरीय निकायों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अभियान तीन चरणों में संपन्न होगा। पहला चरण 2 से 8 अगस्त तक, दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त तक तथा तीसरा और अंतिम चरण 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक के घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना, स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी के माध्यम से एक व्यापक उत्सव के रूप में मनाना है।
कलेक्टर ने सभी सार्वजनिक उपक्रमों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और उनके परिजनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कॉरपोरेट और निजी संगठनों को भी अपने सीएसआर संसाधनों के माध्यम से अभियान में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इस दौरान स्व-सहायता समूहों को तिरंगा निर्माण के लिए बढ़ावा दिया जाएगा और गांव-गांव में तिरंगा वितरण एवं बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पोस्ट ऑफिस और उचित मूल्य की दुकानों को भी तिरंगा विक्रय केंद्र के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रत्येक व्यक्ति आसानी से तिरंगा प्राप्त कर सके।
कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि राज्य सरकार की वेबसाइटों एवं सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से आम नागरिकों में व्यापक जागरूकता का निर्माण किया जाए। साथ ही “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता - स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” से संबंधित सभी गतिविधियों को भारत सरकार की निर्धारित वेबसाइट से लिंक किया जाए। इसके अतिरिक्त, प्रचार-प्रसार के लिए स्थानीय भाषाओं में बैनर, पोस्टर, रंगोली, तिरंगा सेल्फी जोन और तिरंगा लाइटिंग जैसी गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों को समूह क्रय व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग तिरंगा खरीद सकें और अपने घरों पर फहरा सकें। अभियान की सतत मॉनिटरिंग के लिए भारत सरकार द्वारा साझा किए गए गूगल फॉर्म लिंक https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSeyrn6d9810NoQ7NquJjOQVXN-MjR9tkBjP7sFZPD-y1aXUPA/viewform के माध्यम से नोडल अधिकारियों की जानकारी और तिरंगा वितरण संबंधी कार्यवाहियों की अद्यतन जानकारी अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री विकास भोसकर ने स्पष्ट रूप से कहा है कि स्वतंत्रता सप्ताह को जनभागीदारी के माध्यम से एक व्यापक उत्सव के रूप में मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम का सतत अनुश्रवण हो और निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
इस अभियान से न केवल देशभक्ति की भावना को बल मिलेगा बल्कि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी। हर नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस प्रकार, स्वतंत्रता का यह पर्व केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न रहकर एक जनांदोलन के रूप में बदल जाएगा, जिसमें हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित होगी।
.jpg)
No comments